पिथौरागढ़ : जी-राम-जी योजना को लेकर प्रधान संगठन ने खोला मोर्चा |
पिथौरागढ़। जिला प्रधान संगठन, पिथौरागढ़ ने जिला परियोजना अधिकारी एवं जिला विकास अधिकारी को एक मांग पत्र सौंपकर ‘G. Ram. G.’ योजना के तहत आ रही समस्याओं के समाधान की मांग की है।
संगठन के जिला अध्यक्ष हेमराज सिंह बिष्ट के नेतृत्व में विभिन्न ग्राम पंचायतों के प्रधानों ने हस्ताक्षर कर प्रशासन के समक्ष निम्नलिखित प्रमुख मांगें रखी हैं

हाजिरी की व्यवस्था: योजना के अंतर्गत ऑनलाइन हाजिरी के स्थान पर ऑफलाइन हाजिरी की व्यवस्था लागू की जाए।
मजदूरी दर में वृद्धि: योजना के तहत श्रमिकों के लिए न्यूनतम मजदूरी ₹600 प्रतिदिन प्रति व्यक्ति तय की जाए।
ग्राम पंचायत की सहमति: ग्राम पंचायत की कार्ययोजना एवं ग्राम प्रधान की लिखित सहमति के बिना इस योजना का क्रियान्वयन न किया जाए।

प्रधान संगठन ने स्पष्ट किया है कि यदि इन बिंदुओं पर शासन-प्रशासन द्वारा जल्द ही कोई सकारात्मक कार्रवाई नहीं की जाती है, तो जिले के समस्त ग्राम प्रधान उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन व प्रशासन की होगी।

