पिथौरागढ़

पिथौरागढ़ : असम राइफल्स के हवलदार हिम्मत राम को दी गई भावभीनी अंतिम विदाई

असम राइफल्स के हवलदार हिम्मत राम को दी गई भावभीनी अंतिम विदाई

पिथौरागढ़ : 14 असम राइफल्स के जांबाज हवलदार हिम्मत राम को आज पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। गत 5 जुलाई 2026 को गुवाहाटी के सैनिक अस्पताल में इलाज के दौरान हृदय गति रुकने से उनका आकस्मिक निधन हो गया था। सोमवार को उनका पार्थिव शरीर हवाई मार्ग से दिल्ली और वहां से एम्बुलेंस द्वारा देर रात उनके वर्तमान निवास सल्मोड़ा (जाजरदेवल) पहुंचाया गया था।

मूल रूप से बलुवाकोट के रहने वाले हवलदार हिम्मत राम इसी महीने यानी 31 जुलाई 2026 को सेवानिवृत्त (पेंशन) होने वाले थे। पेंशन आने से ठीक पहले पिछले महीने ही वे छुट्टी पर आए थे और अपनी पत्नी व बेटे को भी साथ ले गए थे, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।

आज सुबह ब्रिगेड हेडक्वार्टर पिथौरागढ़ से आई राज राइफल्स की टुकड़ी ने उन्हें शोक सम्मान गारद (सलामी) दी। सेना के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ असम राइफल्स पूर्व सैनिक कल्याण संगठन (AREWA) पिथौरागढ़ के पदाधिकारियों ने जाजरदेवल पहुंचकर दिवंगत जवान को पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव बलुवाकोट (कोलिमा) ले जाया गया, जहां पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनकी अंत्येष्टि की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *