पिथौरागढ़

पिथौरागढ़ : नेपाल सीमांत क्षेत्र पंतसेरा-तल्लाबगड़ में जियो 5G सेवा शुरू |

हेमंत कुमार | News Path TV | पिथौरागढ़

पिथौरागढ़। भारत-नेपाल सीमा से सटे सीमांत क्षेत्र पंतसेरा और तल्लाबगड़ के निवासियों के लिए एक बड़ी राहत और खुशी की खबर है। क्षेत्र में लंबे समय से संचालित जियो (Jio) के 4G मोबाइल टॉवर को अब 5G टेक्नोलॉजी में अपग्रेड कर दिया गया है। 5G सेवा शुरू होने से पूरे सीमांत क्षेत्र में डिजिटल क्रांति को नई रफ्तार मिली है।

इस उपलब्धि पर स्थानीय ग्रामीणों ने खुशी जाहिर करते हुए विधायक बिशन सिंह चुफाल एवं ब्लॉक प्रमुख महिमान सिंह कन्याल का विशेष आभार व्यक्त किया है।

डिजिटल कनेक्टिविटी में मील का पत्थर

ग्राम प्रधान शोभा धामी ने इस जनहितकारी प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि दोनों जनप्रतिनिधियों के निरंतर प्रयासों से ही यह संभव हो सका है।

सीमांत क्षेत्र में जियो की हाई-स्पीड 5G सेवा शुरू होने से हमारे विद्यार्थियों की पढ़ाई, युवाओं के रोजगार-डिजिटल कार्यों, स्थानीय व्यापारियों और आम जनता को निर्बाध व तेज़ इंटरनेट सुविधा का सीधा लाभ मिलेगा। नेपाल सीमा से लगे इस संवेदनशील और दुर्गम क्षेत्र में बेहतर नेटवर्क कनेक्टिविटी विकास की दिशा में एक बहुत बड़ा कदम है।” — शोभा धामी, ग्राम प्रधान

विकास और संचार को मिलेगी नई गति

ग्राम पंचायत पंतसेरा एवं तल्लाबगड़ के ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से कहा कि सीमांत इलाकों में बेहतर संचार सेवाएं मिलना हमेशा से एक चुनौती रहा है। जियो के 5G में अपग्रेड होने से अब न केवल कॉल ड्रॉप और स्लो इंटरनेट की समस्या से निजात मिलेगी, बल्कि क्षेत्र में आपातकालीन और प्रशासनिक संचार व्यवस्था भी मजबूत होगी।

ग्रामीणों ने इस ऐतिहासिक पहल के लिए विधायक बिशन सिंह चुफाल और प्रमुख महिमान सिंह कन्याल का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए उम्मीद जताई कि भविष्य में भी सीमांत क्षेत्रों के विकास के लिए ऐसे ही प्रयास जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *