पिथौरागढ़

गंगोलीहाट : चोड़मन्या में 30 साल बाद फिर गूंजे ‘जय श्रीराम’ के जयकारे, रामलीला का मंचन शुरू |

गंगोलीहाट। गंगोलीहाट विधानसभा क्षेत्र के चोड़मन्या में माँ वैष्णो देवी रामलीला कमेटी द्वारा आयोजित रामलीला में बीती रात राम विवाह का भव्य और भक्तिमय मंचन हुआ। पूरे 30 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद क्षेत्र में दोबारा शुरू हुई इस रामलीला में राम विवाह के पावन प्रसंग ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।

मंचन के दौरान जैसे ही जनकपुरी में प्रभु श्रीराम द्वारा शिव धनुष तोड़ा गया, पूरा पांडाल ‘जय श्रीराम’ के गगनभेदी जयकारों से गूंज उठा। इसके बाद सीता स्वयंवर के दृश्य में जब प्रभु श्रीराम और माता सीता ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई, तो दर्शकों ने पुष्प वर्षा कर इस अलौकिक पल का स्वागत किया।

सीता जी की विदाई के भावुक दृश्य ने दर्शकों की आँखें नम कर दीं, वहीं बारात के आदर-सत्कार और वैदिक विवाह विधियों के सुंदर अभिनय ने सभी का मन मोह लिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए भाजपा अजा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री दर्पण कुमार ने 30 साल बाद इस सांस्कृतिक परंपरा को पुनर्जीवित करने के लिए रामलीला कमेटी के अध्यक्ष दीपक उप्रेती और उनकी पूरी टीम को बधाई दी। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को सहेजने, नई पीढ़ी को मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम के त्याग, मर्यादा और आदर्शों से जोड़ने के साथ-साथ समाज में एकता और समरसता को मजबूत करने का कार्य करते हैं।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि दर्पण कुमार के साथ फुटसिल के प्रधान हरीश दुर्गापाल, पत्रकार नीरज पंत, शिक्षक नेता दीपक नेवलिया, भूपेश भण्डारी, जिला पंचायत सदस्य रितिक पांडेय सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र के गणमान्य लोग और ग्रामीण मौजूद रहे। आयोजकों ने सभी अतिथियों और क्षेत्रीय जनता का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *