पिथौरागढ़

पिथौरागढ़ : सांसद अजय टम्टा के खिलाफ फूटा युवाओं का गुस्सा, पासपोर्ट कार्यालय न खुलने से बढ़ा आक्रोश

पिथौरागढ़। जिले की उपेक्षा, विकास कार्यों में ढिलाई, बदहाल सड़कों और लंबे समय से लंबित पासपोर्ट कार्यालय की स्थापना न होने से नाराज युवाओं ने शनिवार को जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। केंद्रीय राज्य मंत्री व क्षेत्रीय सांसद अजय टम्टा के खिलाफ नारेबाजी करते हुए युवाओं ने उनके 12 साल के कार्यकाल पर गंभीर सवाल खड़े किए।

पार्षद त्रिलोक सिंह महर के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में युवाओं ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में सीमांत जिले पिथौरागढ़ में एक भी ऐसा उल्लेखनीय या मील का पत्थर साबित होने वाला विकास कार्य नहीं हुआ, जिसका सीधा लाभ आम जनता को मिल सके। आज भी जिला बुनियादी और प्राथमिक सुविधाओं के अभाव से जूझ रहा है।

पासपोर्ट कार्यालय न होने से परेशानी:
प्रदर्शनकारियों ने पासपोर्ट कार्यालय का मुद्दा प्रमुखता से उठाते हुए कहा कि सीमांत जिला होने के बावजूद आज तक पिथौरागढ़ में पासपोर्ट सेवा शुरू नहीं हो पाई है। इसके चलते यहां के लोगों, विशेषकर विदेश जाने की चाह रखने वाले युवाओं को पासपोर्ट बनवाने के लिए हल्द्वानी, बरेली जैसे दूरदराज के शहरों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। इससे जनता के समय और धन दोनों की भारी बर्बादी हो रही है। सीमांत क्षेत्र की जनता काफी समय से इसकी मांग कर रही है, लेकिन शासन-प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

सड़कों की बदहाली और ऑल वेदर रोड पर सवाल:
सांसद अजय टम्टा के पास सड़क परिवहन राज्य मंत्री की जिम्मेदारी होने के बावजूद जिले की खस्ताहाल सड़कों को लेकर गहरी नाराजगी व्यक्त की गई। युवाओं ने आरोप लगाया कि क्षेत्र की सड़कें गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं। महत्वाकांक्षी ‘ऑल वेदर रोड’ परियोजना भी जनता के लिए सुगम यात्रा का साधन बनने के बजाय मुसीबत का कारण बन रही है। प्रदर्शनकारियों ने ऑल वेदर रोड निर्माण में अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि धरातल पर बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध कराने में सांसद पूरी तरह विफल रहे हैं।

धरातल पर चाहिए विकास, खोखले आश्वासन नहीं:
प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सीमांत जिले की जनता को अब केवल खोखले आश्वासनों से बहलाया नहीं जा सकता, उन्हें धरातल पर ठोस विकास कार्य चाहिए। सांसद अजय टम्टा को जनता को 12 वर्षों के कार्यों का हिसाब देना होगा और समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए कदम उठाने होंगे।

प्रदर्शन में यह लोग रहे मौजूद:
इस उग्र प्रदर्शन में युवा कांग्रेस प्रदेश सचिव अभिषेक बोहरा, पार्षद राहुल लुंठी, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष धीरज बेरी, मनोज ठकुराठी, जगदीश बिष्ट, काशिफ, पंकज जोशी, वीर, विक्की, नीरज और अनन्य समेत भारी संख्या में स्थानीय युवा और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *