पिथौरागढ़

पिथौरागढ़/ बलुवाकोट : फेसबुक पर बाल अश्लील सामग्री (CSAM) फैलाने वाला नेपाली नागरिक गिरफ्तार |

पिथौरागढ़/बलुवाकोट:

साइबर अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जौलजीवी और बलुवाकोट पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। फेसबुक पर बाल अश्लील सामग्री (Child Sexual Abuse Material – CSAM) भेजने और प्रसारित करने के मामले में पुलिस ने नेपाल निवासी एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे 14 दिनों की न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

NCMEC टिपलाइन से मिला था इनपुट

मामले का खुलासा NCMEC (National Center for Missing & Exploited Children) टिपलाइन से प्राप्त तकनीकी सूचना के आधार पर हुआ। गृह मंत्रालय के निर्देश और साइबर सेल के इनपुट पर 15 जुलाई 2026 को थाना बलुवाकोट में सूचना प्रौद्योगिकी (IT) अधिनियम, 2000 की धारा 67B के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की विवेचना प्रभारी निरीक्षक हरेंद्र सिंह नेगी (कोतवाली जौलजीवी) को सौंपी गई।

बहन के नाम की सिम का कर रहा था इस्तेमाल

इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि जिस सिम कार्ड का उपयोग कर फेसबुक पर आपत्तिजनक सामग्री साझा की जा रही थी, वह बलुवाकोट निवासी एक महिला के नाम पर दर्ज थी। गहन छानबीन में स्पष्ट हुआ कि उस सिम का इस्तेमाल महिला का भाई वीर भान राम लावड (32 वर्ष) कर रहा था। अभियुक्त मूल रूप से उड़ई (वार्ड संख्या-09, आंचल महाकाली, थाना दार्चुला, नेपाल) का निवासी है और वर्तमान में बलुवाकोट में रह रहा था।

4 अगस्त को हुई गिरफ्तारी

पर्याप्त तकनीकी एवं डिजिटल साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस टीम ने 4 अगस्त 2026 को कार्रवाई की। प्रभारी निरीक्षक हरेंद्र सिंह नेगी, एसओ बलुवाकोट नीमा बोहरा और पुलिस टीम ने अभियुक्त को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से माननीय न्यायालय ने उसे 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया।

पुलिस का कड़ा संदेश:

पिथौरागढ़ पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि साइबर अपराधों, विशेषकर बच्चों से जुड़ी अश्लील व आपत्तिजनक सामग्री के प्रसार को लेकर ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई जा रही है। ऐसे अपराधों में संलिप्त पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

ज़ौलजीबी से हेमंत कुमार की रिपोर्ट 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *