गंगोलीहाट : महाविद्यालय में 10वें दिन भी जारी रहा छात्रों का अनिश्चितकालीन धरना |
गंगोलीहाट। शहीद पवन सिंह सुगड़ा राजकीय महाविद्यालय गंगोलीहाट में छात्र संघ अध्यक्ष हिमांशु सिंह जरमाल के नेतृत्व में चल रहा अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन आज शनिवार को 10वें दिन भी पूरी मजबूती के साथ जारी रहा। छात्र अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन पर डटे हुए हैं।

छात्रों की प्रमुख मांगों में महाविद्यालय के नवीन भवन तक सड़क निर्माण, बीएससी, बीकॉम एवं एमए की कक्षाओं का संचालन, महाविद्यालय का उच्चीकरण तथा छात्रावास निर्माण शामिल हैं।
छात्र संघ अध्यक्ष हिमांशु सिंह जरमाल ने कहा कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस और सकारात्मक कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। 10वें दिन भी धरना प्रदर्शन को छात्र-छात्राओं और स्थानीय युवाओं का लगातार भारी समर्थन मिल रहा है।

