जौलजीवी : भारत-नेपाल सीमा पर पुलिस और SSB का संयुक्त चेकिंग अभियान |
जौलजीवी (पिथौरागढ़): भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने और सीमा पार संदिग्ध गतिविधियों पर रोक लगाने के उद्देश्य से जौलजीवी पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (SSB) ने संयुक्त रूप से सघन चेकिंग अभियान चलाया।

थानाध्यक्ष हरेंद्र सिंह नेगी के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के तहत पुलिस और SSB जवानों ने सीमांत क्षेत्र के कई संवेदनशील ठिकानों पर व्यापक तलाशी ली। इस दौरान सीमा क्षेत्र से आने-जाने वाले लोगों, वाहनों और संदिग्ध वस्तुओं की गहनता से जांच की गई। सुरक्षा बलों ने सीमावर्ती इलाकों में लगातार गश्त कर सुरक्षा तंत्र का जायजा लिया।

अधिकारियों और जवानों की सक्रिय भूमिका
संयुक्त कार्रवाई में जौलजीवी पुलिस की ओर से अपर उपनिरीक्षक महेश पंत, कांस्टेबल ललित कुमार और कांस्टेबल राजेंद्र बोरा शामिल रहे। वहीं SSB की टीम से सहायक कमांडेंट आयुष शर्मा, सहायक उपनिरीक्षक (सामान्य) विक्रम सिंह रावत, मुख्य आरक्षी (सामान्य) शैलेन्द्र हलदर और आरक्षी (सामान्य) सागर कुमार समेत अन्य जवानों ने मुस्तैदी से भागीदारी निभाई।
स्थानीय लोगों से संवाद और अपील
अभियान के दौरान सुरक्षा बल के अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और राहगीरों से बातचीत कर उन्हें सुरक्षा के प्रति सजग रहने का संदेश दिया। पुलिस व SSB ने अपील की है कि सीमा क्षेत्र में कोई भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि नजर आने पर तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन या SSB चौकी को सूचित करें।
अधिकारियों के अनुसार, सीमा पार तस्करी, अवैध गतिविधियों और अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए ऐसे संयुक्त अभियान नियमित रूप से जारी रहेंगे
जौलजीवी से हेमंत कुमार की रिपोर्ट

