चौकोड़ी : चौकोड़ी पहुँचा कैलाश मानसरोवर यात्रियों का 5वाँ दल |
चौकोड़ी। पवित्र श्री कैलाश मानसरोवर यात्रा पर निकले यात्रियों का पाँचवाँ दल पर्यटक आवास गृह चौकोड़ी पहुँचा, जहाँ उनका अत्यंत आत्मीय और भव्य स्वागत किया गया। 
चौकोड़ी पहुँचने पर कुमाऊँ मंडल विकास निगम (KMVN) के प्रबंधक दीपक पंत के नेतृत्व में निगम कर्मचारियों, स्थानीय मातृशक्ति और बच्चों ने यात्रियों को तिलक लगाकर, पुष्प वर्षा कर और माल्यार्पण कर उनका अभिनंदन किया।
यादों का स्लाइड शो देख भावुक हुए यात्री
पर्यटक आवास गृह में यात्रियों के लिए विशेष इंतज़ाम किए गए थे। यात्रा के दौरान अब तक के विभिन्न पड़ावों पर ली गई तस्वीरों का एक स्लाइड शो टीवी स्क्रीन के माध्यम से यात्रियों को दिखाया गया। अपनी यात्रा की इन यादगार तस्वीरों और लम्हों को सामने देखकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे और उन्होंने इस पहल की जमकर सराहना की।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों और शिव भजनों की प्रस्तुति
स्वागत समारोह के दौरान नन्हे-मुन्ने बच्चों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं, वहीं मातृशक्ति द्वारा गाए गए शिव भजनों से पूरा माहौल भक्तिमय हो उठा।

आगे का यात्रा मार्ग
इस यात्रा दल में कुमाऊँ मंडल विकास निगम के पूजन व्यवस्थापक सहित देश के विभिन्न राज्यों से आए 48 श्रद्धालु शामिल हैं। चौकोड़ी में विश्राम के बाद यह दल पाताल भुवनेश्वर, गंगोलीहाट स्थित हाट कालिका मंदिर और जागेश्वर धाम के दर्शन करते हुए अल्मोड़ा की ओर प्रस्थान करेगा।
व्यवस्थाओं की सराहना
यात्रा दल के सदस्यों ने भारत सरकार के विदेश मंत्रालय, कुमाऊँ मंडल विकास निगम (KMVN) तथा आईटीबीपी (ITBP) द्वारा की गई बेहतरीन व्यवस्थाओं, सुरक्षा और आतिथ्य सत्कार की खुलकर प्रशंसा की।
स्वागत में ये लोग रहे मौजूद
स्वागत कार्यक्रम में KMVN प्रबंधक दीपक पंत के साथ दीप पपने, रवींद्र अधिकारी, लाल सिंह, कपूर सिंह, धन सिंह, दीप पंत प्रकाश, हेमंत कुमार और विमला देवी मौजूद रहे। वहीं स्वागत करने वाली मातृशक्ति में मुख्य रूप से रेखा मेहरा, उमा खाती, उमा पंत, लक्ष्मी बृजवाल, बबीता मेहरा सहित अनेक स्थानीय महिलाएँ शामिल रहीं।

