पिथौरागढ़ : स्कूल उच्चीकरण की मांग को लेकर चौथे दिन भी आमरण अनशन जारी|
पिथौरागढ़: जनपद पिथौरागढ़ के रामलीला मैदान स्थित अनशन स्थल पर पीएम श्री उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जा रहा जिबली के उच्चीकरण (अपग्रैडेशन) की मांग को लेकर जारी आमरण अनशन आज चौथे दिन भी लगातार जारी रहा। गत 3 अगस्त 2026 से शुरू हुए इस आंदोलन में क्षेत्र के दर्जनों ग्रामीण अपनी मांगों को लेकर डटे हुए हैं।

आज सुबह से ही जिले में हो रही मूसलाधार बारिश भी आंदोलनकारियों के इरादों को डिगा नहीं सकी। भारी बारिश और जलभराव के बीच भी बड़ी संख्या में ग्रामीण, बुजुर्ग और क्षेत्र के गणमान्य लोग अनशन स्थल पर मुस्तैदी से बैठे रहे। अनशनकारियों का कहना है कि लंबे समय से विद्यालय के उच्चीकरण की मांग की जा रही है, लेकिन शासन-प्रशासन की उपेक्षा के कारण उन्हें बाध्य होकर आमरण अनशन का रास्ता चुनना पड़ा।

अनशन स्थल पर मौजूद लोगों ने एक स्वर में कहा कि जब तक विद्यालय के उच्चीकरण का स्पष्ट शासनादेश जारी नहीं होता, तब तक यह आंदोलन और अनिश्चितकालीन आमरण अनशन समाप्त नहीं होगा। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी अनशन स्थल पर पहुंचकर ग्रामीणों की इस न्यायसंगत मांग का समर्थन किया।

