पिथौरागढ़ : पवित्र छड़ी यात्रा जौलजीबी, बलुवाकोट और धारचूला पहुँचने पर श्रद्धालुओं ने किया भव्य स्वागत |
पिथौरागढ़: महामंडलेश्वर डॉ. स्वामी वीरेंद्रानंद महाराज के पावन सानिध्य और दिशा-निर्देशों में आदि कैलाश एवं ॐ पर्वत के दर्शन के उद्देश्य से निरंतर आगे बढ़ रही पवित्र छड़ी यात्रा अपने तय मार्ग से आगे बढ़ते हुए अंतरराष्ट्रीय मेला स्थल, जौलजीबी महादेव पहुँची। यहाँ गीता ओझा एवं भंडारी की टीम ने उत्तराखंड के पारंपरिक छलिया नृत्य और सांस्कृतिक वाद्ययंत्रों की मधुर धुन के साथ पवित्र छड़ी एवं पूज्य साधु-संतों का भव्य और पारंपरिक स्वागत किया।

इसके पश्चात पवित्र छड़ी यात्रा बलुवाकोट पहुँची, जहाँ रामलीला समिति के सम्मानित सदस्यों—राज आगरी, पूरण ग्वाल चंद एवं भट्ट—सहित भारी संख्या में उपस्थित स्थानीय श्रद्धालुओं ने सनातन धर्म और भगवान श्री राम के जयघोष के साथ पवित्र छड़ी का भावुक अभिनंदन किया। इस दौरान पूरा रामलीला मैदान “जय श्री राम” के गूंजते उद्घोष से भक्तिमय हो उठा।

तत्पश्चात यात्रा अपने अगले पड़ाव धारचूला पहुँची। यहाँ रावल होमस्टे के संचालक कप्तान भूपाल सिंह रावल जी, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, जमान रोटेला, गजेंद्र, भारतीय जनता पार्टी की लक्ष्मी परमार, शकुंतला आगरी, धारचूला की वरिष्ठ नागरिक नीता तथा क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिकों ने एक भव्य शोभायात्रा निकालकर पवित्र छड़ी एवं साधु-संतों का ज़ोरदार स्वागत किया।

यह भव्य शोभायात्रा स्थानीय हनुमान मंदिर से होते हुए आगे बढ़ी। तत्पश्चात पवित्र छड़ी रात्रि विश्राम हेतु महामंडलेश्वर डॉ. स्वामी वीरेंद्रानंद महाराज के शिव शक्ति आश्रम (तवाघाट) के लिए प्रस्थान कर गई।
इस अवसर पर उपस्थित सभी पूज्य साधु-संतों ने देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि, विश्व शांति, जन-कल्याण एवं सनातन धर्म की उन्नति के लिए विशेष प्रार्थना व मंगलकामना की।

