उधम सिंह नगर

रुद्रपुर : बार संचालक की एक्सीडेंट में मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका ।

रुद्रपुर: देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे के बाद बार संचालक संजय शर्मा की मौत का मामला अब रहस्यमय बनता जा रहा है. परिजनों ने दुर्घटना पर सवाल उठाते हुए हत्या की आशंका जताई है. मृतक के शरीर पर मिले गहरे घावों को लेकर पुलिस ने भी मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है. पोस्टमार्टम और विशेष जांच रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा.

मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी के मुताबिक़, रुद्रपुर के वार्ड नंबर-5 आवास विकास, किच्छा निवासी 56 वर्षीय संजय शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. संजय शर्मा शहर के जाने-माने बार संचालक थे. रुद्रपुर में दो स्थानों पर बार संचालित करते थे. इनमें एक मेट्रो सिटी मॉल में तथा दूसरा महिंद्रा एंड महिंद्रा शोरूम के समीप स्थित था.

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर रात संजय शर्मा प्रतिदिन की तरह अपना बार बंद करने के बाद स्टाफ को छोड़ने के लिए आदर्श कॉलोनी की ओर जा रहे थे. इसी दौरान उनकी कार अचानक एक डिवाइडर से टकरा गई. हादसा इतना तेज था कि कार के दोनों एयरबैग खुल गए. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई. वाहन को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी.

मृतक के बड़े पुत्र शशांक शर्मा ने बताया उनके पिता नियमित रूप से रात में बार बंद कर अपने कर्मचारियों को घर छोड़ने जाते थे. हादसे के समय भी वह इसी कार्य से निकले थे. उन्होंने बताया अभी यह स्पष्ट नहीं है कि दुर्घटना के समय कार में उनके पिता के साथ कोई अन्य व्यक्ति मौजूद था या नहीं.

शशांक शर्मा ने अपने पिता की मौत को लेकर गंभीर आशंका व्यक्त की है. उनका कहना है कि यह केवल सड़क दुर्घटना नहीं बल्कि हत्या का मामला हो सकता है. उन्होंने बताया उनके पिता के सीने के पास लगभग 6 इंच गहरा और 3 इंच चौड़ा घाव मिला है, जो सामान्य सड़क दुर्घटना में होने वाले घाव जैसा प्रतीत नहीं होता है. इसी संदेह के चलते पुलिस ने पंचनामा भरने और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू करने के बाद शव को दोबारा जिला अस्पताल ले जाकर विशेष जांच एवं एक्स-रे कराने का निर्णय लिया गया है.

परिजनों ने बताया कि तीन से चार दिन पूर्व मेट्रो सिटी मॉल स्थित बार बंद करने के बाद कुछ लोगों ने संजय शर्मा से शराब की मांग की थी. इस बात को लेकर उनका विवाद हो गया था. आरोप है कि विवाद के बाद कुछ लोगों ने बार पर पथराव भी किया था. जिसकी सूचना पुलिस को दी गई थी. परिजनों का मानना है कि इस घटना का संबंध उनकी मौत से हो सकता है.

घटना की सूचना मिलने पर बाजार चौकी प्रभारी प्रदीप कोहली मौके पर पहुंचे. उन्होंने बताया घायल अवस्था में संजय शर्मा को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस का कहना है कि परिजनों द्वारा हत्या की आशंका जताए जाने के बाद सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *