गंगोलीहाट: मड़कनाली-भामा मोटर मार्ग की जर्जर हालत से ग्रामीणों में आक्रोश, डीएम को सौंपा ज्ञापन |
पिथौरागढ़/गंगोलीहाट:
उत्तराखंड के गंगोलीहाट विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत मड़कनाली से भामा तक जाने वाले मोटर मार्ग की बदहाली को लेकर क्षेत्रवासियों में गहरा रोष व्याप्त है। ग्राम पंचायत जाखनी उप्रेती की ग्राम प्रधान विमला भंडारी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने जिलाधिकारी पिथौरागढ़ को ज्ञापन सौंपकर सड़क के शीघ्र सुधारीकरण और गुणवत्तापूर्ण डामरीकरण की पुरजोर मांग की है।

ज्ञापन में बताया गया है कि मड़कनाली-भामा मोटर मार्ग से बालाकुंचा, जाखनी उप्रेती, भामा, डोडरी, पाथै और सुरखाल पाठक सहित कई गाँवों के लोग रोजाना आवागमन करते हैं। वर्तमान में रखरखाव के अभाव में यह सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन चुके हैं और डामर पूरी तरह उखड़ गया है। इसके अलावा, नालियों (इस्कवर) के बंद होने के कारण बरसात का पानी सीधे सड़क पर बहता है, जिससे स्थिति और अधिक दयनीय हो गई है।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पूर्व में ठेकेदारों द्वारा किया गया डामरीकरण मानकों के अनुरूप नहीं था, जिस कारण वह कुछ ही समय में उखड़ गया।

संबंधित विभाग की उदासीनता के चलते इस मार्ग का लंबे समय से कोई निरीक्षण या सुधारीकरण कार्य नहीं किया गया है। सड़क पर जानलेवा गड्ढों के कारण आए दिन वाहन क्षतिग्रस्त हो रहे हैं और हर समय बड़े हादसे का अंदेशा बना रहता है।

ग्रामीणों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क की स्थिति में सुधार नहीं किया गया, तो क्षेत्रवासी उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। इस मामले में एक प्रतिलिपि उपजिलाधिकारी (SDM) गंगोलीहाट को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रेषित की गई है।


