उत्तरकाशी : स्कूल की छात्रा से छेड़छाड़ का मामला ।
उत्तरकाशी: उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले से बड़ी खबर सामने आई है. मनेरी थाना क्षेत्र में स्कूली छात्रा के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ का मामला सामने आया है. छात्रा के पिता की शिकायत पर पुलिस ने विद्यालय के एक शिक्षक और एनसीसी अधिकारी के खिलाफ पॉक्सो (POCSO) अधिनियम सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना बुधवार की बताई जा रही है. उस दिन विद्यालय में एनसीसी की नियमित कक्षा संचालित हो रही थी. आरोप है कि विद्यालय के एक शिक्षक ने छात्रा से कहा कि एनसीसी अधिकारी उसे बुला रहे हैं. शिक्षक छात्रा को अपने साथ एनसीसी कक्ष में ले गया. शिकायत के अनुसार, कमरे में पहुंचने के बाद शिक्षक और एनसीसी अधिकारी ने छात्रा के साथ छेड़छाड़ की. छात्रा ने किसी तरह खुद को बचाया और वहां से निकलकर अपनी कक्षा में पहुंच गई.
बताया जा रहा है कि घटना के बाद छात्रा मानसिक रूप से काफी आहत हो गई. उसने घर पहुंचकर पूरी घटना अपने परिजनों को बताई. इसके बाद पीड़िता के पिता ने मनेरी थाने पहुंचकर दोनों आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर ली.
पुलिस ने शिक्षक और एनसीसी अधिकारी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की निष्पक्ष और गहन जांच की जा रही है. छात्रा के बयान दर्ज करने के साथ ही घटनास्थल और विद्यालय से जुड़े अन्य साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं. आवश्यकता पड़ने पर विद्यालय के कर्मचारियों और छात्रों के भी बयान लिए जाएंगे.
छात्रा के पिता की शिकायत के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए विस्तृत जांच की जा रही है. जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
-कमलेश उपाध्याय, पुलिस अधीक्षक-
घटना के सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है. अभिभावकों ने विद्यालयों में छात्र-छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने व ऐसे मामलों में त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है. पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जांच पूरी पारदर्शिता के साथ की जाएगी और दोषी पाए जाने पर कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.

