हल्द्वानी : जीजा पर अपनी पत्नी को बहला फुसलाकर ले जाने का आरोप |
हल्द्वानी: नैनीताल जिले के लालकुआं क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां तीन बच्चों की मां अपने दो बेटों के साथ पिछले 17 दिनों से लापता होने से परिवार में हड़कंप मचा है. पीड़ित पति ने पत्नी को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप अपने ही जीजा पर लगाया है. मामले में लालकुंआ कोतवाली पुलिस ने महिला और बच्चों की गुमशुदगी दर्ज कर तीनों की तलाश शुरू कर दी है.

मीडिया रिपोर्ट्स से मिली जानकारी के मुताबिक़, नैनीताल जिले के लालकुआं कोतवाली क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने अपने जीजा पर उसकी पत्नी और दो बच्चों को बहला फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस से पत्नी और बच्चों की बरामदगी की गुहार लगाई है. पीड़ित के मुताबिक, उसकी शादी करीब 8 साल पहले हुई थी और उनके तीन बेटे हैं. परिवार का जीवन सामान्य रूप से चल रहा था, लेकिन करीब 17 दिन पहले अचानक उसकी पत्नी घर से लापता हो गई.
पीड़ित का आरोप है कि घटना वाली रात करीब 10 बजे उसकी पत्नी बिना किसी को बताए घर से निकल गई. वह अपने साथ दो बेटों को भी ले गई, जबकि एक मासूम बेटे को घर पर ही छोड़ दिया. इतना ही नहीं, घर में रखे पांच हजार रुपए कैश भी अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया गया है.
पीड़ित का कहना है कि उसे शक है कि उसकी पत्नी उसके जीजा के साथ गई है. आरोप है कि घटना के बाद से दोनों के मोबाइल फोन लगातार स्विच ऑफ आ रहे हैं, जिससे परिवार की चिंता और बढ़ गई है. पीड़ित ने इस संबंध में लालकुआं कोतवाली में शिकायत दर्ज कराते हुए पत्नी और बच्चों की सकुशल बरामदगी की मांग की है.
पीड़ित का यह भी आरोप है कि शिकायत दर्ज कराने के बावजूद 17 दिन बीत जाने पर भी पुलिस को कोई सफलता नहीं मिली है. ऐसे में वह खुद अपने रिश्तेदारों के साथ संभावित स्थानों पर पत्नी और बच्चों की तलाश कर रहा है.
पीड़ित की तहरीर के आधार पर गुमशुदगी दर्ज कर ली है. मामले में लालकुंआ कोतवाली की टीम जांच कर रही है.
-अमित कुमार सैनी, सीओ सिटी-

