गंगोलीहाट : कांग्रेस की परिवर्तन संकल्प सम्मेलन यात्रा पहुंची गंगोलीहाट।
कांग्रेस की परिवर्तन संकल्प सम्मेलन यात्रा पहुंची गंगोलीहाट।
गंगोलीहाट। शुक्रवार को कांग्रेस की परिवर्तन संकल्प यात्रा गंगोलीहाट के व्यालपाटा मैदान में हुई। जिसमें कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में प्रदेश सहित कुमाऊँ के नेताओं का जमावड़ा रहा। उक्त रैली में कांग्रेस के सैकड़ों कार्यकर्ताओं सहित पदाधिकारी स्थानीय जीईसी से बाजार होते हुए व्यालपाटा मैदान तक पहुंचे इस दौरान कांग्रेस पार्टी ज़िंदाबाद और कांग्रेस के संभावित प्रत्याशियों के समर्थकों ने अपने अपने नेताओं के पक्ष में जमकर नारेबाजी की ।

वहीं मंच का संचालन जिलाध्यक्ष मुकेश पंत ने किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, विधायक हरीश धामी, पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण, हिमेश खर्कवाल, हरीश ऐठानी, प्रदीप पाल आदि का फूलमालाओं से स्वागत किया।प्रदेश अध्यक्ष ने अपने संबोधन में मां महाकाली को नमन करते हुए कहा कि यह कुमाऊं रेजिमेंट की कुल देवी की धरती है मेरा सौभाग्य है कि परिवर्तन यात्रा के दौरान मां महाकाली के दर्शनों का सौभाग्य मिला, वहीं उन्होंने कहा कि जिताऊ प्रत्याशी को ही कांग्रेस पार्टी टिकट देगी और जो प्रत्याशी टिकट से बंचित रह जाएंगे उनको कांग्रेस की सरकार बनने पर उचित सम्मान दिया जाएगा।

वहीं उन्होंने कहा कि गंगोलीहाट विधानसभा में भाजपा ने हर बार टिकट बदलकर भोली भाली जनता के साथ छल किया है और देहरादून के गलियारों में चर्चा है कि इस बार भी भाजपा गंगोलीहाट विधानसभा में वर्तमान विधायक का टिकट हर हाल में काटने जा रही है जिससे यह स्पष्ट होता है कि भाजपा के विधायक विकास से कोसों दूर हैं। पूरे प्रदेश में भ्रष्टाचार अपने चरम पर है और भाजपा सरकार भ्रष्टाचारियों को बचा रही है अधिकारी मौज़ ले रहे हैं विधायक अपने अच्छे दिनों का आनंद उठाने में व्यस्त हैं।

वहीं गोदियाल ने कहा उत्तराखंड में पेपर लीक का व्यापार जोरों से चल रहा है इस सरकार में कई हाकम सिंह मौजूद हैं। वहीं प्रदेश सरकार में मौजूद मंत्री और उनके परिजन बीस बीस लाख रुपये लेकर नौकरी बेच रहे हैं। गोदियाल ने कहा अवैध खनन के कर्ताधर्ता स्वयं प्रदेश के मुख्यमंत्री हैं। 1600 स्कूल बंद कर 400 नए शराब की भट्टी गांव गांव खोल दी गई हैं, वहीं प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि जब भी वह उत्तराखंड आए उन्होंने कभी भी अंकिता भंडारी हत्याकांड के खुलासे के लिय सीएम को आदेशित नहीं किया।

5 किलो राशन की जगह कांग्रेस के शासन में दस वर्ष पूर्व अट्ठाईस हज़ार रुपया तौला सोने के दाम को बढ़ाकर एक लाख अस्सी हज़ार रुपए तोला करके केंद्र सरकार जनता से अनाज के बदले जमकर वसूली कर रही है। वहीं दुख व्यक्त करते हुए कहा कि इस पहाड़ी राज्य का मध्यम व गरीब वर्ग अपनी बेटी को विवाह में एक तोला सोना भी नहीं दे सकता वहीं भाजपा के नेता देश भर के सोने को खरीदकर जमा कर रहे हैं। विपक्ष के नेताओं को अकारण जेल में डालना केंद्र सरकार की विशेष उपलब्धि है। अयोध्या राम मंदिर चंदा चोरी, केदारनाथ मंदिर में सोना चोरी करना दोहरे इंजन वाली सरकार की उपलब्धि ही नहीं बल्कि धर्म पर आस्था का खिलवाड़ है। वहीं विगत बारह वर्षों से देश की जनता को अच्छे दिनों का झुनझुना भी अब जनता को बरगला नहीं सकता, तब केंद्र सरकार भारत को 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का नया शिगूफा छोड़ रही है। वहीं उन्होंने भरोसा दिलाया कि भाजपा के जुमलों की तरह हम कोहनी में गुड़ लगाकर जनता को नहीं बरगलायेंगे हमारी बनाई सड़कों पर आज सरकार दस वर्ष बीतने के बाद भी टल्ले तक नहीं डाल पा रही है, उन्होंने हरीश रावत सरकार के पर्वतीय क्षेत्र से विशेष लगाव का उल्लेख करते हुए कहा कि पहाड़ के मडुवे को विश्व स्तर पर पहचान दिलाई। इस दौरान सभा को संबोधित करने वालों में उत्तराखंड सह प्रभारी मनोज यादव, विधायक हरीश धामी, आनंद रावत, ललित फर्स्वाण, हिमेश खर्कवाल, प्रदीप पाल, ब्लॉक प्रमुख विनोद प्रसाद, पूर्व प्रमुख रेखा भंडारी, वीरेंद्र मेहरा, भगवत रौतेला, महेश डसीला , विनोद कार्की, हिमवंती पंत, मनोज साहनी, त्रिलोक सिंह, लक्की बनकोटी, गणेश रावल, रमा खाती, दीपक धानिक, हयात सिंह बोरा, मालती आर्या, रिंकी बिष्ट, सोनी , किशोर कुमार सहित सैकड़ों कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे ।

