देहरादून : छात्र को नकल करने से रोका तो हो गया विवाद|
देहरादून: राजधानी देहरादून के राजकीय पॉलिटेक्निक पित्थूवाला में एग्जाम के दौरान नकल मामला सामने आया है. आरोप है कि शिक्षकों ने छात्र को नकल करने से रोका तो विवाद बढ़ गया है. आरोपी ने छात्र के परिजनों ने पॉलिटेक्निक में घूसकर शिक्षकों के साथ मारपीट की है. इसके बाद शिक्षकों ने पॉलिटेक्निक कॉलेज में काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन कर किया और मारपीट करने वाले अभिभावकों पर कार्रवाई की मांग की है. बताया जा रहा है कि छात्र के परिजन पुलिस विभाग हैं.
मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार, इस मामले में दोनों पक्षों की तरफ से पटेल नगर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है. जानकारी के अनुसार चार जून को पॉलिटेक्निक में पढ़ने वाले दो छात्र अपनी परीक्षा दे रहे थे. इस दौरान दोनों एक दूसरे की कॉपी में नकल कर रहे थे. नकल की यह घटना क्लासरूम में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई थी. इसके बाद परीक्षा नियंत्रक समिति ने तत्काल एक्शन लिया और छात्रों को क्लासरूम से नीचे लाया गया, जहां उन्हें समझाया भी गया.

कॉलेज स्टाफ की माने तो उन्होंने छात्र को माफीनामा लिखने के लिए कहा तो उसने बताया कि उसके अभिभावक पुलिस में है तो उसके साथ ऐसा न किया जाए. साथ ही छात्र ने यह भी कहा कि उसका पूरा करियर बर्बाद हो जाएगा. उसके बाद समिति ने छात्र को परीक्षा में दोबारा बैठने की अनुमति दे दी और पूरी परीक्षा समाप्त होने के बाद छात्र अपने घर लौट गया.
आरोप है कि इस घटना के अगले दिन यानी पांच जून को जब पॉलिटेक्निक में पूरा स्टाफ एंट्रेंस एग्जाम की तैयारी में जुटा हुआ था. तब पॉलिटेक्निक में नकल करने वाले एक छात्रा के माता-पिता, मां, मौसी और एक अन्य व्यक्ति (जेई) पॉलिटेक्निक पहुंचे और पॉलिटेक्निक में बने कंट्रोल रूम में घुसकर उन्होंने वहां बैठे स्टाफ के साथ मारपीट शुरू कर दी. इस दौरान शोर सुनकर दूसरे कमरों से टीचर कंट्रोल रूम पहुंचे.
टीचरों का आरोप है कि छात्र के परिजनों ने करीब दो घंटे तक पॉलिटेक्निक में हंगामा किया. आखिर में स्टाफ ने पुलिस को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद आईएसबीटी चौकी से दो पुलिस कर्मी पॉलिटेक्निक पहुंचे और मामला शांत करने की कोशिश की.
आरोप है कि जो छात्र नकल कर रहा था, उसके पिता और मामा दोनों पुलिस विभाग में है. वहीं एक अन्य व्यक्ति जो इन लोगों के साथ पहुंचा था, वह जेई है. फिलहाल इस मामले से नाराज पॉलिटेक्निक के स्टाफ ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है. उनका कहना है कि वह अब काली पट्टी बांधकर ही काम करेंगे और अपना विरोध दर्ज कराएंगे और यह प्रदर्शन उनका तब तक चलता रहेगा जब तक आरोपियों पर कोई कार्रवाई नहीं की जाती.
वहीं इस मामले में सीओ सदर अंकित कंडारी ने बताया कि घटना के संबंध में दोनों पक्षों की तरफ से शिकायत दी गई थी. जिसमें एक पक्ष ने टीचरों पर आरोप लगाया है कि उनके बेटे के साथ परीक्षा के दौरान मारपीट की गई है, जबकि टीचरों ने भी आरोप लगाया है कि उनके साथ छात्र के अभिभावकों ने मारपीट की है. दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है.

