पिथौरागढ़

पिथौरागढ़ : 80 यूके बटालियन एनसीसी के तत्वावधान में भव्य एकता रैली आयोजित|

पिथौरागढ़। 80 यूके बटालियन एनसीसी के तत्वावधान में आज पिथौरागढ़ नगर में राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव और जागरूकता का संदेश देते हुए एक भव्य एकता रैली का आयोजन किया गया। इस रैली का मुख्य उद्देश्य युवाओं और आम नागरिकों में राष्ट्र के प्रति समर्पण और अनुशासन की भावना को प्रोत्साहित करना था।

 

रैली में विभिन्न शिक्षण संस्थानों के कुल 80 एनसीसी कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। इसमें नन्ही परी सीमांत इंजीनियरिंग संस्थान के 20, एलएसएम परिसर के 40 और केएनयू जीआईसी पिथौरागढ़ के 20 कैडेट्स शामिल रहे।

इन प्रमुख मार्गों से गुजरी रैली:


जीआईसी पिथौरागढ़ से आरंभ हुई यह रैली नगर निगम चौराहा, सिल्थाम और रोडवेज स्टेशन से होते हुए टकाना तिराहे तक पहुँची। मार्ग में कैडेट्स ने अनुशासित मार्च पास्ट के माध्यम से नागरिकों का ध्यान आकर्षित किया।

नुक्कड़ नाटक और भाषणों के जरिए दिया संदेश:
कार्यक्रम के दौरान नगर निगम चौराहे और टकाना तिराहे पर कैडेट्स द्वारा प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक और भाषण प्रस्तुत किए गए। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से समाज में एकता, आपसी सहयोग, सामाजिक एकजुटता और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका के महत्व को दर्शाया गया। टकाना तिराहे पर कार्यक्रम के समापन के पश्चात रैली पुनः जीआईसी पिथौरागढ़ लौटकर संपन्न हुई।

अधिकारियों की रही गरिमामयी उपस्थिति:
आयोजन के दौरान 80 यूके बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर लेफ्टिनेंट कर्नल देवेश सिंह ऐरी ने कैडेट्स का नेतृत्व किया। इस अवसर पर एडमिनिस्ट्रेटिव ऑफिसर लेफ्टिनेंट कर्नल संध्या सिंह, सूबेदार मेजर (ऑनरेरी लेफ्टिनेंट) गंगा सिंह, कैप्टन हरीश सिंह, लेफ्टिनेंट (डॉ.) हेमंत कुमार जोशी समेत बटालियन के अन्य सैन्यकर्मी और अधिकारी उपस्थित रहे।

इस सफल आयोजन ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि विविधता में एकता ही भारत की वास्तविक शक्ति है और युवा शक्ति ही एक सशक्त राष्ट्र के निर्माण का मुख्य आधार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *