हरिद्वार : नशा मुक्ति केंद्र में युवक की बेरहमी से हत्या |
लक्सर: उत्तराखंड के हरिद्वार जिले से बड़ी खबर सामने आई है. मामला रुड़की का है, जहां नशा मुक्ति केंद्र में युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई. युवक का किसी धारदार हथियार से गला रेता जाने की आशंका जताई गई है. घटना रुड़की के सिविल लाइंस कोतवाली की है. फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है.

मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी के मुताबिक़, अभी जो जानकारी सामने आई है, उसके अनुसार रुड़की सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के भंगेड़ी गांव में अनमोल नशा मुक्ति केंद्र है. इस नशा मुक्ति केंद्र के युवक की लाश खून से लथपथ हालत में मिली है. शव बाथरूम में पड़ा हुआ था. मामले की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और अपनी जांच-पड़ताल शुरू की.
जानकारी के अनुसार लक्सर कोतवाली क्षेत्र के बसेड़ी गांव निवासी 39 वर्षीय आशीष पिछले काफी समय से नशे की लत से जूझ रहा था. करीब तीन महीने पहले परिजनों ने उसे उपचार के लिए नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया था.
बताया जा रहा है कि आज सुबह जब अनमोल नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती एक अन्य युवक बाथरूम गया तो वहां का नजारा देखकर उसके होश उड़ गए. क्योंकि बाथरूम के अंदर 39 साल का आशीष लहूलुहान हालत में पड़ा था. उसका गला किसी धारदार हथियार से रेता गया था. ये नजारा देखकर युवक चिल्लाया तो केंद्र संचालक और अन्य लोग मौके पर पहुंचे.
नशा मुक्ति केंद्र के संचालक ने तत्काल मामले की सूचना पुलिस को दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने केंद्र में मौजूद मरीजों और कर्मचारियों से पूछताछ की है. साथ ही सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं.
पुलिस की शुरुआती जांच में यहीं आशंका जताई जा रही है कि नशा मुक्ति केंद्र के ही किसी व्यक्ति ने इस वारदात को अंजाम दिया है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है. इंस्पेक्टर प्रदीप बिष्ट का कहना है कि पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा.

