हरिद्वार

हरिद्वार : कार टकराने के बाद बनी आग का गोला ।

हरिद्वार: देहरादून-नजीबाबाद हाईवे पर चिड़ियापुर पुलिस चौकी के पास एक बड़ा हादसा टल गया. यहां एक टैक्सी कार और बस के बीच टक्कर हो गई. टकराने के बाद कार आग की चपेट में आ गई. गनीमत रही कि पुलिस की तत्परता से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई. वक्त रहते मौके पर पहुंची पुलिस ने फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले आग को बुझा दिया.

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार के अनुसार एक सीएनजी किट लगी रिनॉल्ट ट्राइबर देहरादून से नहटौर की ओर जा रही थी. कार में चालक समेत कुल पांच लोग सवार थे. हाईवे पर चिड़ियापुर चेक पोस्ट के समीप आगे चल रही एक बस के सामने अचानक जानवर आ जाने से बस चालक ने तेज ब्रेक लगा दिए. पीछे चल रही कार बस से टकरा गई. टक्कर के तुरंत बाद कार में आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा तफरी मच गई. देखते ही देखते कार आग का गोला बन गई. घटना की सूचना मिलते ही श्यामपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली चिड़ियापुर चौकी पुलिस स्टाफ तुरंत मौके पर पहुंचा. पुलिस कर्मियों ने बिना देरी किए सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला और आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया.

इसके साथ ही दोनों ओर से ट्रैफिक को तत्काल रुकवाकर स्थिति को नियंत्रित किया गया, ताकि कोई अन्य वाहन आग की चपेट में न आ सके. कुछ ही देर में फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंच गई और लेकिन टीम के पहुंचने से पहले पुलिसकर्मियों ने आग पर काबू पा लिया. हालांकि तब तक कार का अधिकांश हिस्सा जल चुका था. हादसे के कारण कुछ समय के लिए दोनों ओर लंबा जाम लग गया, जिसे बाद में पुलिस ने धीरे धीरे खुलवाया और हाईवे को सुचारू कराया. श्यामपुर थाना प्रभारी नितेश शर्मा ने बताया कि बस के अचानक ब्रेक लगाने से पीछे आ रही टैक्सी उसमें टकरा गई, जिससे उसमें आग लग गई. पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर तत्परता दिखाते हुए सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है. पुलिस टीम ने आग पर भी समय रहते काबू पा लिया गया. हादसे की जांच की जा रही है. ये घटना बीते दोपहर की है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *