उत्तराखण्ड

ऋषिकेश : दो अलग अलग घाटों पर नवजातों के शव मिलने से हड़कंप ।

ऋषिकेश: गंगा किनारे नाव घाट और साई घाट के पास अलग-अलग स्थानों पर दो नवजात बच्चियों के शव मिलने से सनसनी फैल गई. दोनों घटनाओं की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस कंट्रोल रूम को दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने दोनों मामलों की जांच शुरू कर दी है और हर संभावित पहलू को ध्यान में रखते हुए पड़ताल की जा रही है.

मीडिया रिपोर्ट में छपी ख़बरों के अनुसार, पहली घटना नाव घाट के पास सामने आई, जहां एक करीब 10 माह की बच्ची का शव बरामद हुआ. प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि बच्ची की किसी कारण से मौत हुई होगी और इसके बाद परिजनों ने शव को गंगा में प्रवाहित कर दिया. बहाव के साथ शव ऋषिकेश तक पहुंचने की संभावना से भी पुलिस इनकार नहीं कर रही है. हालांकि, बच्ची की मौत किन परिस्थितियों में हुई और शव गंगा में कैसे पहुंचा, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो सकेगा.

वहीं दूसरी घटना साई घाट के पास सामने आई, जहां गंगा किनारे महज एक दिन की नवजात बच्ची का शव पुलिस ने बरामद किया. पुलिस के अनुसार बच्ची की नाल भी कटी हुई नहीं मिली है. इस घटना को लेकर कई तरह की आशंकाएं सामने आ रही हैं. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि जन्म के बाद बच्ची की मौत हुई और परिजनों ने शव को गंगा किनारे छोड़ दिया या फिर किसी अन्य वजह से नवजात को वहां फेंका गया.दोनों घटनाओं ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. खासतौर पर एक दिन की नवजात बच्ची का शव मिलने के बाद पुलिस जन्म, मृत्यु और शव को मौके तक पहुंचाए जाने की परिस्थितियों की जानकारी जुटा रही है.

त्रिवेणी घाट चौकी प्रभारी विनेश कुमार और एएसआई मुकेश शर्मा ने बताया कि

दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. पुलिस स्थानीय लोगों से पूछताछ करने के साथ आसपास के क्षेत्रों में भी जानकारी जुटा रही है.

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *