पिथौरागढ़

पिथौरागढ़ : “धरती के मेहमान” देहरादून में इंजी. ललित शौर्य की 19वीं पुस्तक लॉन्च |

विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी ने किया इंजी. ललित शौर्य की पुस्तक ‘धरती के मेहमान’ का विमोचन

पिथौरागढ़ / देहरादून: युवा बाल साहित्यकार एवं राष्ट्रीय उद्घोषक इंजी. ललित शौर्य की 19वीं पुस्तक ‘धरती के मेहमान’ का भव्य विमोचन उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी द्वारा किया गया। यह विमोचन कार्यक्रम विधानसभा अध्यक्ष के यमुना कॉलोनी स्थित सरकारी आवास पर संपन्न हुआ।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी ने कहा कि बच्चों के मानसिक और बौद्धिक विकास के लिए बाल साहित्य अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने इंजी. ललित शौर्य द्वारा चलाए जा रहे “मोबाइल नहीं, पुस्तक दें” अभियान की सराहना करते हुए कहा कि आज के समय में बच्चों को स्कूली पाठ्यक्रम के साथ-साथ बाल कहानियाँ और कॉमिक्स भी पढ़ानी चाहिए, क्योंकि बचपन में पढ़ा हुआ ज्ञान आजीवन याद रहता है।

पुस्तक के लेखक इंजी. ललित शौर्य ने विधानसभा अध्यक्ष का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि ‘धरती के मेहमान’ पुस्तक एलियंस (परग्रहियों) पर आधारित है। उन्होंने कहा, “कल का विज्ञान आज की कल्पना पर ही आधारित होता है। यह पुस्तक काल्पनिक कहानियों के माध्यम से बच्चों की विचार शक्ति और रचनात्मकता को विस्तार देने का कार्य करेगी।” उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनके अभियान का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक बच्चों तक बाल साहित्य पहुँचाना है।

इस अवसर पर हिमालयन हेरिटेज सोसायटी के निदेशक रजनीश कौंसवाल, समाजसेवी विनोद खंडूरी और यमन डबराल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *