देहरादून

विकासनगर : 17वें दिन वाहन चालक का शव अणु गांव के पुल के पास से बरामद |

विकासनगर: 16 फरवरी को त्यूणी अटाल मोटर मार्ग पर डाडू खड्ड के पास पिकअप वाहन सड़क से 200 मीटर गहरी खाई मे गिरकर टोंस नदी में जा समाया था. पिकअप में सवार वाहन चालक तब से लापता था. एसडीआरएफ और थाना त्यूणी पुलिस लगातार वाहन चालक की खोजबीन में जुटी हुई थी. 17वें दिन वाहन चालक का शव अणु गांव के पुल के पास से बरामद किया गया है. शव को पोस्टमार्टम के उपरांत परिजनों को सौंपा जाएगा.

मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी के मुताबिक़, देहरादून जिले के त्यूणी क्षेत्र में 16 फरवरी 2026 को सड़क दुर्घटना हुई थी. एक पिकअप वाहन दुर्घटनाग्रस्त होकर सड़क से करीब 200 मीटर नीचे खाई में होते हुए टोंस नदी में जा गिरा था. इस हादसे के बाद से वाहन चालक लापता बताया जा रहा था. पिकअप वाहन रोहडू हिमाचल प्रदेश से गोबर छोड़कर वापस सहसपुर की ओर जा रहा था.

16 फरवरी को हुआ था हादसा: वाहन में चालक साहिल 19 साल निवासी सारी हाटकोटी, शिमला हिमाचल प्रदेश और उसके साथ सैफ 22 साल निवासी मोरी उत्तरकाशी सवार था. सैफ त्यूणी में वाहन से उतर गया था. इसके बाद पिकअप वाहन त्यूणी अटाल मोटर मार्ग पर डाडूखड्ड के पास अनियत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई मे गिरकर टोंस नदी मे जा गिरा था. हादसे के बाद से चालक लापता हो गया था. पुलिस और एसडीआरएफ लगातार टोंस नदी में खोजबीन कर रही थी. लेकिन चालक का कुछ पता नहीं चल पा रहा था.

थाना अध्यक्ष ने क्या कहा: थाना अध्यक्ष त्यूणी अश्विनी बलूनी ने बताया कि-

वाहन चालक के परिजनों द्वारा गुमशुदगी दर्ज करवाई गई थी. 4 मार्च को अणु गांव में अणुपुल के पास टोंस नदी से एसडीआरएफ और थाना त्यूणी पुलिस ने चालक रमन उर्फ साहिल उम्र 19 साल निवासी सारी, जुब्बल शिमला हिमाचल प्रदेश का शव बरामद किया है. पंचायतनामा की कार्रवाई कर शव पोस्टमार्टम के उपरांत परिजनों को सौंप दिया जाएगा.
-अश्विनी बलूनी, थाना अध्यक्ष, त्यूणी-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *