पिथौरागढ़

पिथौरागढ़ : अर्पण संस्था ने मनाया अपना 29वां स्थापना दिवस ।

पिथौरागढ़ : पहाड़ को पहाड़ी लोगों की जरूरत है। जो पहाड़ी लोग बाहर चले गए हैं और अपने काम में सफल हैं, उन्हें पहाड़ लौटकर यहां के लोगों के लिए कुछ करना चाहिए। यह कहना है अर्पण संस्था की संस्थापक रेनू ठाकुर का।

अर्पण संस्था के 29वें स्थापना दिवस के अवसर पर  रेनू ठाकुर ने कहा कि हमारी संस्था बिना किसी भेदभाव के न्याय, समानता और समता जैसे मूल्यों को लेकर महिलाओं, बच्चों व राजी जनजाति के साथ लगातार विगत 29 वर्षों से काम कर रही है। हम जिनके साथ काम कर रहे हैं वही हमारा परिवार है।

बाढ़ राहत भवन में आयोजित इस कार्यक्रम की शुरुआत जनगीतों व उत्तराखंड राजकीय गीत के साथ हुई। फोटो व वीडियो प्रजेंटेशन के माध्यम से अर्पण संस्था के 29 वर्षों के सफर को दिखाया गया। समारोह में अर्पण के साथ काम कर चुकीं महिलाओं ने अपने अनुभव रखते हुए कहा कि संस्था ने हमें समूह बनाना सिखाया, अपनी बात रखना सिखाया, जागरूक बनाया। इस अवसर पर अर्पण संस्था के सदस्यों के साथ ही सामाजिक कार्यकर्ता, समुदायों के साथ काम करने वाली महिलाएं, रिसर्चर्स व राजी समुदाय के युवा उपस्थित रहे।

सभी ने संस्था के कार्यों के साथ जुड़े अपने अनुभव साझा करने के साथ ही सुझाव भी दिए कि संस्था को अपने काम का और विस्तार करना चाहिए। साथ ही सभी ने सहयोग की अपील भी की। कार्यक्रम के दौरान सवाल जवाब का सत्र आयोजित किया गया। दिल्ली से  आए, आर एल एस के विनोद कोष्टी ने संस्था से जुड़े कार्यों को लेकर अपनी बात रखते हुए संस्था के भविष्य की कार्य योजना को लेकर सुझाव व्यक्त किए। महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष नंदा विष्ट ने अपनी बात रखने के साथ ही अर्पण संस्था प्रमुख रेनू ठाकुर का साल भेंटकर अभिनंदन किया। कार्यक्रम का संचालन गंगा देवी ने किया। वहीं , रेनू ठाकुर ने  कार्यक्रम में उपस्तिथ सभी का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *