नैनीताल : महिला पर्यटक से की थी दुष्कर्म की कोशिश , गिरफ्तार ।
हल्द्वानी: नैनीताल में महिला पर्यटक के साथ दुष्कर्म के प्रयास और लूट के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी टैक्सी चालक को मात्र 10 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी ने महिला को सुनसान सड़क पर ले जाकर मारपीट की और मोबाइल लूट लिया था. पुलिस ने सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया है.

मीडिया रिपोर्टस से मिली जानकारी के मुताबिक़, मामले का खुलासा नैनीताल एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने किया. उन्होंने बताया कि 5 मार्च 2026 को एक महिला पर्यटक दिल्ली से देहरादून होते हुए बस से हल्द्वानी पहुंची थी. हल्द्वानी से वह ऑटो के जरिए काठगोदाम पहुंची और वहां से नैनीताल जाने के लिए एक टैक्सी किराये पर ली.
बताया जा रहा है कि रात को करीब 1.30 बजे वल्दियाखान के पास टैक्सी चालक ने वाहन को नैनीताल ले जाने के बजाय पटवाडांगर की सुनसान सड़क की ओर मोड़ दिया. महिला के विरोध करने पर चालक ने उसके साथ मारपीट की और दुष्कर्म का प्रयास किया. इतना ही नहीं, आरोपी ने पीड़िता का मोबाइल फोन भी लूट लिया ताकि वह किसी को घटना की सूचना न दे सके. युवती ने पुलिस को बताया था कि शोर मचाने पर टैक्सी चालक फरार हो गया था और वो डर के कारण जंगल की ओर भाग गई थी. उसने जंगल में पूरी रात बिताई.
घटना के बाद 6 मार्च की सुबह पीड़िता ने स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य एकत्र किए. पीड़िता की तहरीर के आधार पर थाना तल्लीताल में मुकदमा धारा 64, 309(6) और 137 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया.
नैनीताल एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देश में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम का गठन किया गया. इस दौरान टीम ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और वाहन संख्या UK04TB 5500 (वैगनआर) के आधार पर जांच शुरू की. जीपीएस और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस ने आरोपी को भवाली रोड स्थित पाइन्स क्षेत्र से गिरफ्तार किया.
गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीपक सिंह बोरा (39 वर्ष) निवासी गुजरौड़ा फतेहपुर थाना मुखानी, नैनीताल के रूप में हुई है. आरोपी की निशानदेही पर पीड़िता का लूटा हुआ मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया है, जबकि घटना में इस्तेमाल वाहन को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है. एसएसपी ने कहा कि पर्यटकों और महिलाओं की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
आरोपी से परिजन भी हैं परेशान, घर से किया गया है बेदखल: महिला पर्यटक से दुष्कर्म का प्रयास करने वाले टैक्सी चालक से उसके घर के सदस्य भी परेशान हैं, जिसके चलते उसे परिजनों द्वारा बेदखल किया गया है. पुलिस जांच में प्रकाश में आया कि टैक्सी मालिक द्वारा चालक का पुलिस वेरीफिकेशन नहीं कराया गया था. अब पुलिस टैक्सी मालिक के खिलाफ भी कार्रवाई का विचार करते हुए टैक्सी परमिट कैंसिल करने के लिए संबंधित विभाग से पत्राचार करेगी

