हरिद्वार

हरिद्वार : अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, मौत ।

लक्सर: हरिद्वार जनपद के लक्सर में शादी की खुशियों से गूंज रहा घर का माहौल कुछ ही पलों में मातम में बदल गया. सड़क पार करते समय एक अज्ञात वाहन की टक्कर ने एक ग्रामीण की जान ले ली और चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया. सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. फिलहाल पुलिस घटना की जांच कर रही है. वहीं घटना के बाद गांव में मातम छाया हुआ है.

मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी के मुताबिक़, घटना लक्सर कोतवाली क्षेत्र के टिक्कमपुर गांव की है, जहां देर रात एक बारात गांव लौटकर पहुंची थी. बस से उतरकर सड़क पार कर रहे रोहतास पुत्र सीताराम को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भयावह थी कि रोहतास ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. देखते ही देखते ग्रामीणों की भीड़ जुट गई. सूचना मिलने पर पुलिस ने पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. इस दर्दनाक हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है.

मृतक के परिजनों ने सुल्तानपुर पुलिस चौकी में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ तहरीर दी है. पुलिस चौकी प्रभारी नरेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और अज्ञात वाहन की तलाश जारी है. वाहन की पहचान होते ही आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी. शादी की खुशियों के बीच हुई इस दर्दनाक घटना ने एक परिवार से उसका सहारा छीन लिया और गांव में मातम पसरा हुआ है. बता दें कि बीते दिनों से लेकर अब तक एक दर्जन से ज्यादा लोगों की जान सड़क हादसे में चली गई हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *